झूठा विवाह कर 20 लाख और जेवर हड़पने का आरोप: पति दूसरी महिला संग रह रहा, विरोध करने पर मां-बेटे को पीटा; पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार

Date:

सूरत से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति पर झूठा विवाह कर लाखों रुपए और कीमती जेवर हड़पने के बाद दूसरी महिला के साथ फरार होने का गंभीर आरोप लगाया है। इतना ही नहीं, पीड़िता का कहना है कि जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी और उसके परिजनों ने उसके बेटे के साथ मारपीट की और बाद में उसे भी सड़क पर पटक-पटक कर पीटा। पीड़िता ने सूरत पुलिस आयुक्त को शिकायत देकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है, लेकिन उसका आरोप है कि अब तक कहीं भी उसकी सुनवाई नहीं हो रही है।

जानकारी के अनुसार सूरत जिले के पलसाना क्षेत्र के कानव गांव निवासी 36 वर्षीय पुष्पा राजुभाई तावड़े घरेलू कामकाज कर जीवन यापन करती हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पहली शादी बहुत कम उम्र में हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद ही उनके पहले पति का निधन हो गया। इसके बाद वह विधवा जीवन में बेहद कठिन परिस्थितियों में घरों में काम करके अपना गुजारा कर रही थीं। वर्ष 2017 में उनकी मुलाकात उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के रहने वाले ब्रजभान सिंह से हुई।

पीड़िता के मुताबिक आरोपी ब्रजभान सिंह ने खुद को अविवाहित बताकर उनसे विवाह का प्रस्ताव रखा और भरोसा दिलाया कि वह जीवनभर उनका साथ देगा। आर्थिक और सामाजिक मजबूरी का फायदा उठाकर उसने पुष्पा का विश्वास जीत लिया। इसके बाद 17 मई 2017 को अंबाजी में दोनों ने धार्मिक रीति-रिवाज से विवाह किया और पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे। इस संबंध से उनका एक बेटा भी हुआ, जिसका नाम सुंदरम सिंह है।

महिला का आरोप है कि विवाह के बाद आरोपी ने धीरे-धीरे भरोसा जीतकर अलग-अलग बहाने से उससे बड़ी रकम लेनी शुरू कर दी। उसने कभी व्यापार करने तो कभी घर खरीदने का सपना दिखाया। पीड़िता के अनुसार उसने अपनी लगभग दस वर्षों की मेहनत से जमा की गई करीब 20 लाख रुपए नकद और लगभग 5 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण आरोपी को दे दिए।

पीड़िता का कहना है कि 14 फरवरी 2026 को आरोपी अचानक बिना बताए घर से गायब हो गया। बाद में उसे पता चला कि वह मंजू नाम की एक महिला के साथ रह रहा है। इतना ही नहीं, आरोपी अब खुले तौर पर कह रहा है कि वह पुष्पा को अपने साथ नहीं रखेगा। इस घटना के बाद से महिला अपने छोटे बेटे के साथ बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवन गुजारने को मजबूर है।

मामले को और गंभीर बनाते हुए पीड़िता ने आरोप लगाया कि 17 मार्च को जब उसका बेटा आरोपी के पास गया तो उसे बुरी तरह पीटा गया। महिला का कहना है कि आरोपी ब्रजभान और उसके रिश्तेदार आरूषी बृजवाने ने उसके बेटे को बेरहमी से मारा। इसके बाद 6 अप्रैल को जब पुष्पा ने इस घटना का विरोध किया तो आरोपी और उसके भांजे अरुण ने उसे सड़क पर पटक-पटक कर मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि इस घटना के बाद से वह बेहद डरी और परेशान है।

पुष्पा का आरोप है कि उसने इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस से भी की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि मामला दबाने की कोशिश की जा रही है, जिसके कारण वह न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपी पहले भी कई महिलाओं को झूठे प्रेम और विवाह के जाल में फंसाकर पैसे ऐंठ चुका है।

पीड़िता ने पुलिस आयुक्त से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 420, 493, 494 और 506 के तहत मामला दर्ज कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही उससे उसकी मेहनत की कमाई और जेवर वापस दिलाए जाएं, ताकि वह अपने बेटे की परवरिश और पढ़ाई ठीक से कर सके। रो-रो कर बुरा हाल बताते हुए महिला ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उसके और उसके बच्चे के भविष्य पर गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_imgspot_img

Popular

More like this
Related