जाह्नवी कपूर इस बार अपने लुक से ज्यादा अपनी मेहंदी को लेकर चर्चा में है। एक्ट्रेस जाह्नवी ने अपने हाथ में लगी मेहंदी में बॉयफ्रेंड का निकनेम ‘शिखू’ लिखवाया है। हाल ही में जाह्नवी और शिखर को अंशुला-रोहन की शादी में साथ देखा गया था।
मुंबई में अपनी बहन अंशुला कपूर के वेडिंग रिसेप्शन में बॉलीवुड एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर अपने शानदार लुक से सबका ध्यान खींचती नजर आईं। उन्होंने इस खास मौके पर मनीष मल्होत्रा की डिजाइन की गई खूबसूरत साड़ी चुनी थी, जिसकी सभी ने खूब तारीफ की। हालांकि, श्रीदेवी की बड़ी बेटी जाह्नवी के लुक से ज्यादा इस बार उनकी मेहंदी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। उनकी मेहंदी में बनी एक छोटी सी डिटेल ने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींचा, जिसमें शिखर के लिए प्यार देखने को मिला।
जाह्नवी कपूर की मेहंदी में शिखर पहाड़िया का नाम
जाह्नवी कपूर ने इंस्टाग्राम पर सेलिब्रेशन की कई तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें उनका रिसेप्शन वाला लुक भी शामिल है और लोगों की पैनी नजर से उनका प्यार छुप नहीं पाया। अगर कोई भी उनके लुक को करीब से देखेगा तो उन्हें शिखर पहाड़िया का नाम दिखाई देगा। इन तस्वीरों में पैनी नजर रखने वाले फैंस ने देखा कि एक्ट्रेस ने अपनी मेहंदी में अपने बॉयफ़्रेंड शिखर पहाड़िया का निकनेम ‘शिखू’ लिखवाया है। पूरा नाम लिखने के बजाय जाह्नवी ने हिंदी में निकनेम शिखू लिखवाना चुना, जिसके साथ एक सिंपल, बारीक और मिनिमल डिजाइन भी है।
जाह्नवी और शिखर की खूबसूरत बॉन्ड
इस कपल का रिश्ता लंबे समय से चर्चा में है। साथ में मंदिर जाने से लेकर पब्लिक इवेंट्स में एक साथ शामिल होने तक, जाह्नवी और शिखर अक्सर अपनी मौजूदगी से महफिल लूट लेते हैं। दोनों ने सबसे पहले 2016 में डेटिंग शुरू की थी, लेकिन 2018 में जाह्नवी के बॉलीवुड डेब्यू के बाद वे अलग हो गए। 2023 में कई मौकों पर साथ देखे जाने के बाद उनके रिश्ते की अफवाहें फिर से शुरू हो गईं। बाद में दोनों ने अपने रिश्ते के बारे में खुलकर बात करना शुरू कर दिया। इस साल की शुरुआत में ऐसी अफवाहें थीं कि यह कपल शादी करने का प्लान बना रहा है। हालांकि, बाद में जाह्नवी के पिता बोनी कपूर ने इन अटकलों को खारिज कर दिया और शादी की खबरों पर विराम लगा दिया।
जाह्नवी कपूर की आने वाली फिल्में
प्रोफेशनल लाइफ की बात करें तो जाह्नवी हाल ही में राम चरण की फिल्म ‘पेड्डी’ में नजर आई थीं। इस फिल्म को लेकर तब बहस छिड़ गई थी, जब कुछ दर्शकों को लगा कि उनके किरदार को ‘हाइपर-सेक्शुअलाइज’ दिखाया गया है। आलोचना के बाद डायरेक्टर बुची बाबू सना ने दर्शकों से माफी भी मांगी थी। वह जल्द ही टाइगर श्रॉफ और लक्ष्य के साथ ‘लग जा गले’ में नजर आएंगी। यह फिल्म अगले साल मई में रिलीज होने वाली है।

