फेसबुक पर दोस्ती, शादी का झांसा और तीन बार गर्भपात… महिला ने लगाया युवक पर दुष्कर्म व धमकी का आरोप

Date:

सूरत (रूरल)। सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुआ प्रेम संबंध एक महिला के लिए दर्दनाक अनुभव बन गया। सूरत जिले के कडोदरा क्षेत्र में रहने वाली 32 वर्षीय महिला ने बिहार के एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, जबरन गर्भपात कराने और बाद में जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर महिला ने डीएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता रूबी खातून ने अपनी शिकायत में बताया कि वह कडोदरा स्थित गुरुकृपा रेजीडेंसी में अपने बेटे के साथ रहती है और नौकरी कर परिवार का पालन-पोषण करती है। उसका बेटा फिलहाल छठी कक्षा में पढ़ता है। रूबी के अनुसार उसकी शादी वर्ष 2006 में मोहम्मद अकबर से हुई थी, लेकिन आपसी विवाद के कारण वर्ष 2012 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद वह अपने मायके में रहने लगी और अपने बेटे की जिम्मेदारी खुद संभालने लगी।

पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 2023 में फेसबुक के माध्यम से बिहार के वैशाली जिले के रहने वाले इरफान नामक युवक से उसकी पहचान हुई। दोनों के बीच पहले चैटिंग और फिर फोन पर बातचीत शुरू हुई। महिला का कहना है कि आरोपी ने खुद को अविवाहित बताकर उससे शादी करने का वादा किया और मीठी-मीठी बातों से उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया।
महिला के अनुसार आरोपी ने उसे भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही उससे शादी करेगा और उसके साथ ही जीवन बिताएगा। इसी भरोसे में आकर उसने कडोदरा में अलग से एक कमरा किराए पर लिया, जहां आरोपी उसके साथ रहने लगा। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने शादी का वादा कर उसकी इच्छा के खिलाफ कई बार शारीरिक संबंध बनाए और मोबाइल में फोटो व वीडियो भी रिकॉर्ड करता रहा।

रूबी खातून ने आरोप लगाया कि संबंधों के दौरान वह तीन बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने दवाइयां देकर तीनों बार उसका गर्भपात करा दिया। जब भी वह शादी की बात करती, आरोपी कोई न कोई बहाना बनाकर बात टाल देता।

पीड़िता के मुताबिक करीब छह महीने पहले उसकी मां आरोपी के गांव वैशाली (बिहार) गई थी और वहां उसके परिवार से मिलकर दोनों की शादी की बात की। लेकिन आरोपी के परिजनों ने साफ शब्दों में कहा कि उनका बेटा इस महिला से शादी नहीं करेगा और इस बात को लेकर महिला की मां का अपमान भी किया।

महिला का आरोप है कि इसके बाद आरोपी का व्यवहार अचानक बदल गया। उसने साफ कह दिया कि वह शादी नहीं करेगा और केवल शारीरिक संबंध बनाने के लिए ही उसने यह संबंध बनाया था। विरोध करने पर आरोपी ने उसे गाली-गलौज कर मारपीट भी की।

पीड़िता के अनुसार 27 जनवरी 2026 को उसने आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया था। उस समय आरोपी ने पुलिस के सामने शादी करने का आश्वासन दिया, जिसके चलते कोई कार्रवाई नहीं हुई। लेकिन 5 फरवरी 2026 को जब वह नौकरी पर गई हुई थी, तब आरोपी घर से अपना सामान लेकर फरार हो गया।
घर लौटने पर जब उसने आरोपी को फोन किया तो उसने कहा कि वह अपने गांव जा रहा है और अब वह उसका कुछ भी नहीं बिगाड़ सकती। आरोपी ने यह भी कहा कि उसकी पुलिस और अदालत तक पहचान है, इसके बाद उसने महिला का नंबर ब्लॉक कर दिया।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी के भाई मोहम्मद सदाम ने भी उसे फोन कर केस करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी। फिलहाल पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_imgspot_img

Popular

More like this
Related