Lok Sabha Election 2024: आने वाले 5 साल स्वर्णिम भारत के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाएंगे, ये बड़ा टर्निग पॉइंट, इसकी शुरुआत 4 जून को होगी

Date:

प्रधानमंत्री ने कहा कि TMC बंगाल की पहचान को खत्म करने में लगी है। ये बंगाल के मठों को, साधु संतों तक को नहीं छोड़ रहे। TMC इस्कॉन, रामकृष्ण मठ और भारत सेवाश्रम जैसी संस्थाओं को गाली दे रही है।

लोकसभा चुनाव अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है, अंतिम चरण के लिए 1 जून को मतदान होगा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज इसी क्रम में पश्चिम बंगाल में है, उन्होंने बंगाल की ममता सरकार और TMC पर जमकर निशाना साधा, मोदी ने कहा कि TMC और इंडी जमात वाले बंगाल को विपरीत दिशा में लेकर जा रहे हैं। BJP से बंगाल के लोगों का प्यार TMC को बर्दाश्त नहीं हो रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने मथुरापुर में अपने संबोधन में कहा कि मैं आज आपके साथ ही कोलकाता के भी लोगों का आभार व्यक्त करूंगा। कल शाम कोलकाता के लोगों ने रोड शो में, उसके पहले भी और बाद भी जो प्रेम, स्नेह और आशीर्वाद दिए, वो मैं कभी भूल नहीं सकता। उन्होंने कहा कि 2024 का ये लोकसभा चुनाव कई मायनों में अलग है, अद्भुत है। ये चुनाव खुद आगे बढ़कर देश की जनता लड़ रही है। क्योंकि उसी जनता ने 10 साल की विकास यात्रा भी देखी है और 60 वर्षों की दुर्गति भी देखी है।

भारत आज नई रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, पूरी दुनिया देख रही है

आप याद करिए देश के करोड़ों गरीब जीवन की मूलभूत सुविधाओं से वंचित थे। भारत जैसे देश में भुखमरी की खबरें आम होती थी। करोड़ों लोगों के सिर पर छत नहीं थी। महिलाएं खुले में शौच जाने के लिए मजबूर थी। पीने के लिए पानी नहीं था। 18 हजार से ज्यादा गांवों में बिजली नहीं थी। उद्योगों के लिए संभावनाएं भी नहीं थी। सबसे बड़ा दुर्भाग्य ये भी था कि सुधार के लिए चर्चा भी नहीं होती थी। वही भारत आज जब नई रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, तो पूरी दुनिया देख रही है। आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। ये सब आपके एक वोट की ताकत से संभव हुआ है। आपके वोट ने मोदी को मजबूत बनाया और मोदी की मजबूत सरकार ने दुनिया में भारत का झंडा लहरा दिया।

मैं विकसित बंगाल बनाने के लिए पूरी ताकत लगा दूंगा

प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले 5 साल स्वर्णिम भारत के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। ये एक बहुत बड़ा टर्निंग पॉइंट है। और इसकी शुरुआत 4 जून को होने जा रही है। विकसित भारत के लिए विकसित बंगाल का निर्माण जरूरी है। ये तभी होगा जब आप ऐसे सांसद चुने जो इस विजन को लेकर चलें। इसलिए मुझे बंगाल से ज्यादा से ज्यादा आप कमल जिताकर भेजेंगे, इसका आशीर्वाद चाहिए। मैं आपको भरोसा और गारंटी देता हूं कि मैं विकसित बंगाल बनाने के लिए पूरी ताकत लगा दूंगा।

BJP से बंगाल के लोगों का प्यार TMC को बर्दाश्त नहीं हो रहा

पीएम ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस और इंडी जमात वाले बंगाल को विपरीत दिशा में लेकर जा रहे हैं। भाजपा से बंगाल के लोगों का प्यार टीएमसी को बर्दाश्त नहीं हो रहा है। इसलिए TMC बुरी तरह बौखलाई हुई है। TMC की जिद का बहुत बड़ा नुकसान इस क्षेत्र के लाखों मछुआरों को हो रहा है। केंद्र सरकार मछुआरे भाई-बहनों के लिए इतनी सारी योजनाएं चला रही है। हमने मछुआरों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा दी, पीएम मत्स्य संपदा योजना शुरू की, जिसके लिए 20 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का फंड दिया गया। लेकिन यहां भी ममता दीदी की सरकार का वही रवैया रहा कि हम ये होने नहीं देंगे।

TMC बंगाल की पहचान को खत्म करने में लगी है

प्रधानमंत्री ने कहा कि TMC बंगाल की पहचान को खत्म करने में लगी है। ये बंगाल के मठों को, साधु संतों तक को नहीं छोड़ रहे। TMC इस्कॉन, रामकृष्ण मठ और भारत सेवाश्रम जैसी संस्थाओं को गाली दे रही है। इनके गुंडे मठों पर हमला कर रहे हैं। 500 साल बाद अयोध्या में प्रभु राम का मंदिर बना। राम मंदिर हमारी आस्था का केंद्र है। तृणमूल  के लोग राम मंदिर को अपवित्र बताते हैं। ऐसी TMC कभी भी बंगाल की संस्कृति की रक्षा नहीं कर सकती।

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_imgspot_img

Popular

More like this
Related