अमरकंटक थाना क्षेत्र से 23 वर्षीय विवाहिता लापता
अमरकंटक / अनूपपुर।
अमरकंटक थाना क्षेत्र अंतर्गत एक 23 वर्षीय विवाहिता के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पति की शिकायत पर अमरकंटक पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शंभू प्रसाद यादव उम्र 32 वर्ष, पिता गौतम राम यादव, निवासी जिला अनूपपुर, थाना अमरकंटक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी पत्नी मेशकली यादव उम्र 23 वर्ष शनिवार 03 जनवरी 2026 को सुबह करीब 5 बजे घर से बिना बताए निकल गई। उस समय घर के सभी सदस्य सो रहे थे और किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी।
पीड़ित पति ने बताया कि उनकी शादी को लगभग 5 वर्ष हो चुके हैं और उनके दो छोटे बच्चे हैं।
बेटी: सुनंदनी यादव, उम्र 2 वर्ष
बेटा: स्वामीन, उम्र 3 वर्ष
पत्नी के लापता होने के बाद परिजनों द्वारा उसकी काफी तलाश गांव, रिश्तेदारी और आसपास के क्षेत्रों में की गई, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसके बाद अमरकंटक थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
शंभू यादव का कहना है कि पति-पत्नी के बीच किसी प्रकार का कोई बड़ा विवाद या लड़ाई-झगड़ा नहीं था। हालांकि, माता-पिता के साथ विचार न मिलने के कारण वे अलग रह रहे थे। कभी-कभार घरेलू कहासुनी जरूर होती थी, लेकिन पारिवारिक स्थिति सामान्य थी।
पीड़ित पति ने पुलिस को यह भी बताया कि उन्हें आशंका है कि उनकी पत्नी फेसबुक के माध्यम से किसी व्यक्ति से बातचीत करती थी, संभव है कि वह उसी के संपर्क में आकर घर से गई हो। फिलहाल यह केवल आशंका है, जिसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने महिला का हुलिया इस प्रकार बताया है—
चेहरा: गोल
रंग: साफ
लंबाई: लगभग 5 फीट
लापता महिला का पता:
ग्राम मिरिया,
ब्लॉक पुष्पराजगढ़,
थाना अमरकंटक,
जिला अनूपपुर,
मध्य प्रदेश।
अमरकंटक थाना पुलिस ने एनसीआरबी के एकीकृत फार्म के तहत गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा संभावित स्थानों पर पूछताछ की जा रही है तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को लापता महिला के संबंध में कोई भी जानकारी मिले, तो वह अमरकंटक थाना में संपर्क करें
संपर्क नंबर: 62 6764 7634 पर सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
—
—

