मेहंदी लगाने आई जेठानी पर 10 लाख के सोने के गहने चोरी करने का आरोप

Date:

बुलंदशहर के खानपुर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला, पीड़िता ने डायल 112 बुलाकर कराई जांच

बुलंदशहर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव निवासी सोनाली ने अपनी जेठानी रविता पर अलमारी से करीब 10 लाख रुपए कीमत के सोने के गहने चोरी करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना 13 फरवरी दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। सोनाली का कहना है कि उनकी जेठानी रविता, जो हरविंदर की पत्नी है, मेहंदी लगाने के बहाने घर आई थी और मौका पाकर अलमारी में रखे सोने के जेवर लेकर चली गई।

पीड़िता सोनाली ने बताया कि उनके पति बाहर काम करते हैं और वह अपने दो बच्चों के साथ घर पर अकेली रहती हैं। उनके अनुसार, घर में बाहरी लोगों का आना-जाना नहीं है, सिवाय रविता के। ऐसे में उन्हें पूरा संदेह अपनी जेठानी पर ही है। सोनाली का दावा है कि अलमारी में रखे केवल सोने के गहने गायब हैं, जबकि चांदी के आभूषण वहीं सुरक्षित मिले। इससे चोरी की आशंका और गहरा गई है।

घटना के बाद सोनाली ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घर की जांच-पड़ताल की। सोनाली के मुताबिक, पुलिस ने भी निरीक्षण के दौरान पाया कि घर में जबरन घुसने या बाहर से किसी के आने का कोई स्पष्ट निशान नहीं है। ऐसे में मामला पारिवारिक विवाद और आपसी आरोप-प्रत्यारोप के बीच उलझता नजर आ रहा है।

सोनाली का आरोप है कि जब रविता से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह ‘ कंघा ढूंढ रही थीं। लेकिन सोनाली का सवाल है कि यदि कंघा ढूंढ रही थीं तो फिर सेफ और अलमारी में क्यों तलाश कर रही थीं? उन्होंने रविता पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना अनुमति अलमारी और सेफ खंगालना अपने आप में संदेह पैदा करता है।

फिलहाल पीड़िता ने थाना खानपुर में तहरीर देने की तैयारी कर ली है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोग इसे पारिवारिक विश्वास टूटने की बड़ी घटना के रूप में देख रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में सच्चाई क्या सामने आती है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_imgspot_img

Popular

More like this
Related