‘कहां है हमारी सुरक्षा?’ आधी रात को अभिनेत्री दिव्या सुरेश से बेंगलुरु में बदसलूकी, सोशल मीडिया पर बयां किया दर्द

Date:

एक्ट्रेस दिव्या सुरेश का सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में है। हाल ही में उन्होंने अपने साथ हुए उत्पीड़न को सोशल मीडिया पर बयां किया और बताया कि बेंगलुरु की सड़कों पर उनके साथ क्या हुआ।
बिग बॉस कन्नड़ फेम और अभिनेत्री दिव्या सुरेश सुर्खियों में आ गई हैं, उनका एक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक्ट्रेस ने रविवार देर रात बेंगलुरु की सड़क पर अपने साथ हुए कथित उत्पीड़न की एक बेहद चौंकाने वाली घटना का खुलासा किया है। सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां करते हुए अभिनेत्री ने इस दुखद अनुभव को साझा किया और शहर में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने साफ पूछा कि जिस सुरक्षा का वादा और दावा किया जाता है, वो आखिर कहां है।

देर रात सड़क पर पीछा और अश्लील हरकत
33 वर्षीय दिव्या सुरेश ने बताया कि यह घटना रात करीब 11:30 बजे की है, जब वह अपनी कजिन के साथ कार की तरफ जा रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया और बेहद अश्लील हरकतें करने लगा। दिव्या के मुताबिक वह व्यक्ति पीछा करते हुए सरेआम खुद को गलत तरीके से छू रहा था। जब उन्होंने इस हरकत का विरोध किया और उसे टोका तब भी वह नहीं रुका और उनकी कार में बैठने तक लगातार पीछा करता रहा।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए तीखे सवाल
इस पूरी घटना को दिव्या ने अपने कैमरे में भी रिकॉर्ड किया, जिसके वीडियो में उनकी कजिन उन्हें पुलिस को फोन करने की सलाह देती दिख रही है। अपने इंस्टाग्राम पोस्ट पर बेंगलुरु पुलिस को टैग करते हुए अभिनेत्री ने तीखा सवाल पूछा कि आखिर वह सुरक्षा कहां है जिसका हमसे हमेशा वादा किया जाता है? उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी महिला को सिर्फ इसलिए उत्पीड़न का शिकार नहीं होना चाहिए क्योंकि वह रात में बाहर चल रही है।

मॉडलिंग से अभिनय तक का सफर
दिव्या सुरेश मनोरंजन जगत का एक जाना-माना नाम हैं। उन्होंने साल 2017 में ‘मिस इंडिया साउथ’ का खिताब जीता था और इसी साल फिल्म ‘#9, हिल्टन क्रॉस’ से अपने अभिनय सफर की शुरुआत की थी। वह ‘राउडी बेबी’ और ‘हिरण्या’ जैसी फिल्मों के अलावा ‘नान्ना हेंडथी एमबीबीएस’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में नजर आ चुकी हैं। साल 2021 में सुपरस्टार किच्चा सुदीप द्वारा होस्ट किए गए ‘बिग बॉस कन्नड़ सीजन 8’ से उन्हें घर-घर में बड़ी पहचान मिली।

पुराना विवाद और हिट-एंड-रन मामला
सुरक्षा की मांग करने वाली दिव्या सुरेश का नाम पिछले साल एक गंभीर कानूनी विवाद में भी आया था। 4 अक्टूबर 2025 की देर रात बेंगलुरु के ब्याटरायनपुरा इलाके में एक हिट-एंड-रन सड़क हादसा हुआ था, जिसमें तीन लोग घायल हो गए थे। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने दिव्या सुरेश को उस दुर्घटनाग्रस्त कार के चालक के रूप में नामजद किया था। इस मामले में पुलिस ने उनकी कार को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_imgspot_img

Popular

More like this
Related