‘परिवार को एक साथ देखना चाहते थे’, हेमा मालिनी ने बताई धर्मेंद्र की आखिरी इच्छा, सनी-बॉबी के लिए कही खास बात

Date:

बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र के निधन के बाद पहली बार हेमा मालिनी ने अपने परिवार और दिवंगत अभिनेता के पहले परिवार से रिश्तों के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने इस दौरान सनी और बॉबी के बारे मं बात करते हुए उनकी तारीफ की और ये भी बताया कि उनके लिए सबसे जरूरी क्या है।
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने नवंबर 2025 में 89 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन से उनके परिवार और फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ पूरा देश शोक में डूब गया। वहीं देओल परिवार ने धर्मेंद्र की इच्छा का पालन करते हुए अपने परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया। धर्मेंद्र के निधन के बाद, हेमा मालिनी ने जहां अपने घर में उनके लिए प्रार्थना सभा रखी तो वहीं उनके पहले परिवार यानी सनी और बॉबी देओल ने अलग प्रेयर मीट का अयोजन किया, जिसके बाद हेमा मालिनी के अपने सौतेले बेटों, सनी और बॉबी के साथ रिश्तों में तनाव की अफवाहें चल पड़ीं। अब धर्मेंद्र के निधन के बाद पहली बार हेमा मालिनी ने इन सभी अफवाहों और परिवार के बारे में खुलकर बात की और बताया कि सभी खबरों के उलट कैसे धर्मेंद्र के सभी बच्चे कैसे एकजुट रहते हैं।

परिवार को साथ देखना चाहते थे धर्मेंद्र
हेमा मालिनी ने ‘हिंदी रश’ से बातचीत के दौरान धर्मेंद्र के बारे में बात की और बताया कि वह हमेशा अपने परिवार को साथ देखना चाहते थे। उन्होंने कहा, ‘धरम जी हमेशा यही बात कहते थे कि जितना हो सके बच्चों के साथ समय बिताओ। बच्चों और परिवार को समय दो। वह हमेशा से यही चाहते थे कि उनक परिवार एकजुट रहे, क्योंकि आज के समय में ये बहुत जरूरी है। मगर अब ये असल में नहीं होता। आज-कल बच्चे जैसे ही बड़े होते हैं, अपनी-अपनी राह पर चल पड़ते हैं।’

क्या थी धर्मेंद्र की आखिरी इच्छा?
वहीं जब हेमा मालिनी से पूछा गया कि धर्मेंद्र की आखिरी इच्छा क्या थी तो इसका जवाब देते हुए ड्रीम गर्ल ने कहा-‘उन्होंने ठीक यही कहा था कि, ‘परिवार के साथ रहो। उन सब लोगों के साथ मिलकर रहो। काम तो चलता रहेगा, लेकिन परिवार को अहमियत देना सबसे ज्यादा जरूरी है।’ इसी दौरान हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र की पहली शादी से हुए बच्चों के बारे में भी बात की। सनी देओल और बॉबी देओल के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा- ‘वे बहुत प्यारे हैं। सनी बहुत अच्छे हैं और बॉबी भी बहुत प्यारे हैं। हम सब हमेशा साथ हैं। हम किसी तरह के दिखावे और पब्लिसिटी पर विश्वास नहीं करते, लेकिन अंदर से हम सब एक हैं। हम सब एकजुट हैं और बहुत खुशहाल परिवार हैं।’

फैंस को घर के अंदर बुलाते थे धर्मेंद्र- हेमा मालिनी
बातचीत के दौरान हेमा मालिनी ने बताया कि कैसे धर्मेंद्र अपने सभी फैंस का सम्मान करते थे और जब उनसे कोई फैन मिलने आता तो वह उन्हें अंदर बुला लेते थे। वह कहती हैं- ‘जब भी उनका कोई फैन उनसे मिलने आता और उनके साथ फ़ोटो खिंचवाना चाहता तो वो उसे अंदर बुला लेते थे। वो कहते थे, ‘उन्हें अंदर बुलाओ,’ फिर चाहे वह कोई भी हो। वे सभी से खुले दिल से मिलते थे, उन्हें खाना खिलाते थे। वह ऐसे व्यक्ति थे, जिन्हें लोगों से मिलना-जुलना बहुत पसंद था।’ हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र को एक ‘बहुत प्यार करने वाला पिता और नाना’ बताते हुए कहा कि वह ये बात शब्दों में बयां नहीं कर सकतीं कि वह और बच्चे उन्हें कितना याद करते हैं।

धर्मेंद्र का निधन
फैंस के बीच ही-मैन के नाम से मशहूर दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने नवंबर 2025 को इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। उन्होंने अपने 90वें जन्मदिन से ठीक कुछ दिन पहले 24 नवंबर को अपनी आखिरी सांस ली। उन्होंने अपने करियर में 6 दशक से ज्यादा काम किया और मरणोपरांत ‘इक्कीस’ में नजर आए थे, ये फिल्म 1 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसमें अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा लीड रोल में थे। अगस्त्य नंदा ने फिल्म में परमवीर चक्र से सम्मानित शहीद ‘अरुण खेत्रपाल’ की भूमिका निभाई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_imgspot_img

Popular

More like this
Related