Home Media मोहनलालगंज में फर्जी दस्तावेजों से जमीन दिलाने का खेल बेनकाब, लाखों की...

मोहनलालगंज में फर्जी दस्तावेजों से जमीन दिलाने का खेल बेनकाब, लाखों की ठगी के मामले में एक गिरफ्तार; 9 महीने से न्याय को भटक रही पीड़िता

0

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज तहसील क्षेत्र में सस्ती जमीन दिलाने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का बड़ा खेल सामने आया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं दूसरी ओर पीड़ित परिवार का आरोप है कि पिछले नौ महीने से न्याय की आस में थाने और पुलिस अधिकारियों के चक्कर काटने के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है।

जानकारी के अनुसार पीजीआई थाना क्षेत्र की वृंदावन योजना निवासी गुड्डी ने मोहनलालगंज थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया कि सुनील कुमार और उसके साथी सत्येंद्र कुमार रावत, जो स्वयं को अधिवक्ता बताते हैं, ने उन्हें कम कीमत में जमीन दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि उनका वैध बैनामा कराकर कब्जा भी दिला दिया जाएगा। इसी भरोसे में आकर पीड़िता ने आरोपियों के कहने पर करीब चार लाख रुपये दे दिए। इनमें से 2.47 लाख रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए, जबकि शेष रकम नकद दी गई।

पीड़िता का आरोप है कि पूरी रकम लेने के बाद भी आरोपियों ने न तो जमीन का बैनामा कराया और न ही कब्जा दिलाया। जब उसने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। विरोध करने पर गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस की शरण ली, जिस पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की जांच के दौरान इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार सुबह मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए नगराम क्षेत्र के अहमदपुर निवासी सालिकराम को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह गिरोह फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को सस्ती जमीन का लालच देता था और उनसे लाखों रुपये ऐंठकर फरार हो जाता था। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

हालांकि इस कार्रवाई के बावजूद पीड़ित परिवार पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठा रहा है। परिवार का कहना है कि पिछले नौ महीने से वे लगातार थाने और अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार केवल यह कहकर लौटा दिया जाता है कि “विवेचना चल रही है।” उनका आरोप है कि संबंधित दरोगा को कई बार फोन करने के बावजूद कॉल तक रिसीव नहीं की जाती। पीड़ित परिवार का कहना है कि आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक प्रताड़ना भी झेलनी पड़ रही है और अब उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद प्रशासन से ही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तहसील क्षेत्र में जमीन के नाम पर धोखाधड़ी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में जरूरत है कि पुलिस न केवल इस गिरोह के सभी सदस्यों को गिरफ्तार करे, बल्कि ऐसे फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में कोई और परिवार इस तरह की ठगी का शिकार न बने।#KanchanKiReport #LucknowNews #Mohanlalganj #LandFraud #PropertyScam #FakeDocuments #CrimeNews #BreakingNews #UPPolice #FraudCase #JusticeForVictim #ScamAlert #HindiNews #DailyNews #CrimeUpdate #RealEstateFraud #Investigation #NewsUpdate #MediaReport #TodayNews

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version