बिहार के किशनगंज का 15 वर्षीय किशोर ट्रेन यात्रा के दौरान रहस्यमय तरीके से लापता हो गया है

Date:

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामला उस वक्त सामने आया जब लुधियाना से घर लौट रहे दो रिश्तेदारों में से एक युवक अचानक भीड़ में गायब हो गया। परिवार अब रेलवे पुलिस और प्रशासन से बच्चे को जल्द खोजने की गुहार लगा रहा है।

किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर उत्तर टोला निवासी मासर आलम, उम्र करीब 15 वर्ष, 21 जनवरी 2026 को कामाख्या एक्सप्रेस ट्रेन से लुधियाना से किशनगंज लौट रहा था। उसके साथ उसका चचेरा भाई सलमान आलम भी सफर कर रहा था। दोनों सुरक्षित घर लौटने के लिए ट्रेन में सवार हुए थे, लेकिन रास्ते में कप्तानगंज रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ के दौरान मासर आलम अचानक लापता हो गया।

परिजनों के अनुसार ट्रेन में काफी भीड़ थी। कप्तानगंज स्टेशन पहुंचने के बाद अफरा-तफरी और धक्का-मुक्की के बीच मासर आलम अपने साथी से बिछड़ गया। जब काफी देर तक वह दिखाई नहीं दिया तो परिवार वालों ने ट्रेन और स्टेशन पर काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

लापता किशोर के बड़े भाई अकील अहमद ने रेल थाना कप्तानगंज में लिखित शिकायत देकर भाई की तलाश की मांग की है। उन्होंने बताया कि मासर आलम का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। परिवार बेहद गरीब है और बेटे के गायब होने के बाद घर में मातम जैसा माहौल है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है।

मासर आलम का पता रामपुर उत्तर टोला, पंचायत नटुआपाड़ा, जिला किशनगंज बताया गया है। परिजनों ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को मासर आलम के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत परिवार या नजदीकी रेलवे पुलिस को सूचना दें।

परिवार ने संपर्क के लिए मोबाइल नंबर 9162438480 और 7818851117 जारी किया है। घटना के बाद इलाके में भी चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

अब देखना होगा कि रेलवे पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करती है और लापता किशोर को उसके परिवार तक पहुंचा पाती है या नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_imgspot_img

Popular

More like this
Related