\हिमाचल–हरियाणा बॉर्डर के कौलावाला भूड (रिगड़वाला) गाँव के किसान सहदेव दत्त शर्मा इन दिनों अपने खेत में उगे विशालकाय बैंगन को लेकर सुर्खियों में हैं। पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त सहदेव दत्त शर्मा द्वारा उगाया गया यह बैंगन न केवल आकार में असामान्य है, बल्कि इसका वजन भी करीब 660 ग्राम बताया जा रहा है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है।
ग्रामीणों के अनुसार सहदेव दत्त शर्मा ने अपने खेत में अदरक के साथ-साथ बैंगन की फसल लगाई है। खास बात यह है कि बैंगन का वजन 600 से 660 ग्राम तक पहुंच रहा है, जो सामान्य बैंगन की तुलना में कहीं अधिक है। खेत में उगा यह विशालकाय बैंगन देखते ही देखते पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
बागवानी का शौक बना पहचान
पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त होने के बाद भी सहदेव दत्त शर्मा बेहद सक्रिय हैं। उन्हें शुरू से ही बागवानी का गहरा शौक रहा है। अपने इसी शौक को आगे बढ़ाते हुए वह लगातार नए-नए प्रयोग कर रहे हैं और अलग-अलग तरह की सब्जियों को नए आकार और बेहतर गुणवत्ता में उगा रहे हैं। उनका कहना है कि खेती और बागवानी न केवल स्वास्थ्य के लिए अच्छी है, बल्कि यह मन को भी सुकून देती है।
इस पूरे कार्य में उनकी पत्नी और बच्चों का भी भरपूर योगदान रहा है, जो खेत की देखभाल से लेकर फसल तैयार होने तक हर कदम पर उनका साथ दे रहे हैं।
जब सब्जियों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, ऐसे समय में इस तरह की अनोखी और बड़ी पैदावार किसानों और आम लोगों दोनों के लिए प्रेरणा बन रही है। आसपास के इलाकों के साथ-साथ दूर-दराज़ से भी लोग सहदेव दत्त शर्मा के खेत में उगे इस 660 ग्राम के बैंगन को देखने और उनकी खेती की तकनीक के बारे में जानकारी लेने पहुंच रहे हैं।
ई खबर मीडिया के लिए हरियाणा स्टेट हेड देव दर्शन शर्मा की रिपोर्ट
