बेंगलुरु में एक बाइक सवार व्यक्ति के सिर पर सूखी टहनी गिर गई। टहनी गिरने से व्यक्ति घायल हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
बेंगलुरु के राजाजीनगर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बाइक सवार व्यक्ति पर अचानक एक पेड़ की टहनी आकर गिर गई। पेड़ की टहनी उसके सिर पर गिरी, जिससे उसे चोट लग गई। वहीं चोट लगते ही व्यक्ति अपना संतुलन खो बैठा और सड़क पर गिर गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि यह पूरी घटना महज 5 सेकेंड के भीतर हुई। वहीं आस-पास के लोग यह देखकर दौड़ते हुए घायल व्यक्ति के पास गए और उसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
सिर पर गिरी सूखी टहनी
दरअसल, पूरी घटना बेंगलुरु के राजाजीनगर की बताई जा रही है। यहां बाइक चलाते समय सिर पर पेड़ की एक टहनी गिरने से 52 साल का एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना बुधवार शाम राम मंदिर रोड के पास हुई, जब सतीश नाम का व्यक्ति फाइनेंस पेमेंट लेने जा रहा था। इसी दौरान अचानक एक सूखे पेड़ की टहनी टूटकर उन पर गिर गई, जिससे वह अपनी बाइक से गिर पड़े। सतीश के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उनका इलाज यशवंतपुर के मणिपाल अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों ने उनके सिर की सर्जरी की है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि सतीश अपनी बाइक से जा रहे होते हैं, तभी पेड़ की सूखी टहनी सीधे उनके ऊपर आ गिरती है। सिर पर टहनी गिरते ही सतीश अचेत हो गए और तुरंत सड़क पर बाइक समेत गिर गए। हालांकि स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जिसके बाद अब उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है अस्पताल में सतीश की हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने इस लापरवाही के लिए वन विभाग और नगर प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि उन्होंने कई बार उस खतरनाक पेड़ के बारे में शिकायत की थी और उसकी सूखी टहनियों को हटाने की मांग की थी, लेकिन कोई असरदार कदम नहीं उठाया गया।

