जगित्याल/मेटपल्ली।
तेलंगाना के जगित्याल और मेटपल्ली क्षेत्र में रोजगार की तलाश में आए एक युवक के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। पिता का आरोप है कि वीडियो कॉल पर आखिरी बार बात करने के कुछ देर बाद बेटे के मोबाइल से किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर कहा, “तुम्हारा बेटा कहीं चला गया है।” इसके बाद से उसका मोबाइल बंद हो गया और तब से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
मूल रूप से बिहार के अररिया जिले के नवाबगंज थाना फुलकाह क्षेत्र के हनुमान नगर वार्ड नम्बर 8 निवासी पिता रामदेव बहरदार (उम्र लगभग 60 वर्ष) मिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। करीब पांच महीने पहले वे अपने बेटे बसंत कुमार बहरदार पिता रामदेव बहरदार के साथ काम की तलाश में मेटपल्ली आए थे। हाल ही में वे घर लौटने की तैयारी में थे। दोनों आसपास के इलाकों में मजदूरी कर रहे थे और परिवार के अनुसार किसी से कोई विवाद नहीं था।
रामदेव के मुताबिक 12 फरवरी 2026 की रात करीब 7 बजे बसंत कुमार अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने की बात कहकर निकला था। बाद में वह जगित्याल पहुंचा, जहां किसी अज्ञात व्यक्ति से उसकी मुलाकात हुई। दोनों ने वीडियो कॉल के जरिए परिवार से बातचीत भी की।
पिता का आरोप है कि इसके कुछ देर बाद जब उन्होंने बेटे के मोबाइल पर कॉल किया तो फोन किसी अन्य व्यक्ति ने उठाया और बताया कि “तुम्हारा बेटा कहीं चला गया है।” इसके बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। तब से लेकर अब तक बसंत कुमार का कोई अता-पता नहीं चल सका है।
परिवार के अनुसार लापता युवक घर से निकलते समय काले रंग की शर्ट और नीली जींस पहने हुए था। उसकी लंबाई करीब 6 फीट 4 इंच है। पिता का कहना है कि उनका बेटा पूरी तरह स्वस्थ मानसिक स्थिति में था, मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाने वाला जिम्मेदार इंसान है और पहले कभी इस तरह बिना बताए कहीं नहीं गया।
बसंत कुमार के छोटे-छोटे नाबालिग बच्चे लगातार अपने पिता के बारे में पूछते हैं। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार आर्थिक और मानसिक दोनों तरह से टूट चुका है।
परिजनों ने मेटपल्ली थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए प्रशासन से युवक की जल्द बरामदगी की मांग की है। परिवार ने अपील की है कि यदि किसी को भी बसंत कुमार के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत मोबाइल नंबर 9204917720 या 9878307152 पर संपर्क करें अथवा नजदीकी थाने में सूचना दें।
