Home National भूमि विवाद में महिला समेत तीन पर जानलेवा हमला, कोर्ट ने विवादित...

भूमि विवाद में महिला समेत तीन पर जानलेवा हमला, कोर्ट ने विवादित भूमि की बिक्री पर लगाई रोक, पीड़ितों ने लगाई इंसाफ की गुहार

0

भगवानपट्टी, अम्बेडकरनगर | 30 जून 2025

थाना भीटी क्षेत्र के ग्राम भगवानपट्टी में लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है। 27 जून की दोपहर करीब 2 बजे खेत में जबरन धान की रोपाई को लेकर गांव के ही हनुमान तिवारी और उसके परिजनों ने महिला समेत तीन लोगों पर लाठी, डंडा और धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया।

पीड़िता सोनी तिवारी द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया कि घटना के समय उनके पति और देवर तहसील में पेशी पर थे। तभी हनुमान तिवारी, उसका भाई ईश्वर चंद, पुत्र अवनीश और सत्यम मिलकर खेत में जबरन कब्जा करने पहुंचे। विरोध करने पर उन्होंने सोनी तिवारी, उनकी देवरानी आराधना तिवारी और देवर प्रदुम्न तिवारी पर बेरहमी से हमला कर दिया।

हमले में प्रदुम्न तिवारी की कलाई टूट गई जबकि सोनी और आराधना को गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

इस विवादित भूमि को लेकर पहले से ही तहसीलदार न्यायालय में वाद संख्या 80/2024 (नरेंद्र तिवारी बनाम राजमणि) के अंतर्गत सुनवाई चल रही है। न्यायालय ने स्पष्ट आदेश जारी किया है कि जब तक विवाद का अंतिम निपटारा नहीं होता, तब तक खाता संख्या 0041 व 00166 की भूमि की न तो बिक्री होगी और न ही इसे बंधक बनाया जा सकेगा।

विवाद का मुख्य केंद्र मृतक राजमणि की संपत्ति का उत्तराधिकार है, जिसमें वादी पक्ष ने एक महिला रूबी पर फर्जी तौर पर वारिस बनने का आरोप लगाया है। अदालत में पेश साक्ष्यों के अनुसार, रूबी का तिवारी परिवार से कोई संबंध नहीं है, फिर भी उसने खुद को राजमणि की पुत्री बता कर उत्तराधिकार में नाम दर्ज करवा लिया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि स्थानीय पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने में टालमटोल कर रही है और उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। परिवार ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है और मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उन पर सख्त कार्रवाई की जाए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version