लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ केंद्र सरकार विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव नहीं लाएगी। सूत्रों ने बताया कि अब राहुल के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव नहीं दिया जाएगा लेकिन विवादित भाषण को सदन की कार्यवाही से हटाया जाएगा।नई दिल्लीः केंद्र सरकार राहुल गांधी के खिलाफ अब विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव नहीं लाएगी। सूत्रों के मुताबिक, सरकार राहुल गांधी के खिलाफ प्रिविलेज मोशन नहीं लाएगी। राहुल गांधी की तरफ से कल दिए भाषण को एक्सपंज कराया जाएगा क्योंकि राहुल गांधी ने जो आरोप लगाए उनको ऑथेंटिकेट नहीं किया है। उधर, बीजेपी सांसद संजय जायसवाल ने लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखकर राहुल गांधी के भाषण से आपत्तिजनक शब्दों को हटाने की मांग की है।राहुल गांधी के खिलाफ निशिकांत दुबे ने पेश किया प्रस्ताव
उधर, विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि मैंने आज लोकसभा में राहुल गांधी के खिलाफ एक मोशन पेश किया है कि कैसे वे सोरोस जैसी ताकतों की मदद से देश को गुमराह कर रहे हैं। मैंने जो मोशन पेश किया है, उसमें मैंने कहा है कि इस पर चर्चा हो और राहुल गांधी की सदस्यता खत्म कर दी जाए और उन पर ज़िंदगी भर के लिए चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी जाए।
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने गुरुवार को कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्रिविलेज मोशन लाने का कोई प्रपोज़ल नहीं है, लेकिन उन्होंने कन्फर्म किया कि उन्होंने राहुल गांधी को पार्लियामेंट से सस्पेंड करने के लिए एक ज़रूरी मोशन पेश किया है।
किरन रिजिजू ने की पीएम मोदी से मुलाकात
वहीं, केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरन रिजिजू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। माना जा रहा है कि उन्होंने सदन में पैदा हुए गतिरोध की जानकारी पीएम को दी।
जगदंबिका पाल ने राहुल गांधी को लेकर कही ये बात
राहुल गांधी के भाषण के दौरान स्पीकर के आसन पर बैठकर सदन की कार्यवाही चलाने वाले बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल ने गुरुवार को कहा कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं और उन्हें अपने शब्दों और भाषा की मर्यादा का पता होना चाहिए। क्या इस पार्लियामेंट्री डेमोक्रेसी में ऐसा करना सही है?
अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर लोकसभा में विपक्ष का हंगामा
वहीं, विपक्षी दलों के सदस्यों ने अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते को लेकर बृहस्पतिवार को लोकसभा में हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही आरंभ होने के सात मिनट के भीतर ही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। सदन की बैठक आरंभ होने पर पीठासीन सभापति कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने प्रश्नकाल शुरू कराया। इसी दौरान विपक्षी सदस्य अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते को लेकर नारेबाजी करते हुए आसन के निकट पहुंच गए।
विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी के बीच ही कांग्रेस सदस्य प्रभा मल्लिकार्जुन ने पूरक प्रश्न पूछा, जिसका उत्तर ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपद नाईक ने दिया। पीठीसीन सभापति ने विपक्षी सदस्यों से नारेबाजी बंद करने और सदन चलने देने की अपील की।
