ओडिशा के बालासोर में एक क्रेन मालगाड़ियों के ऊपर गिर गया। इस वजह से रेलवे ट्रैक के ऊपर लगे ओवरहेड इलेक्ट्रिक तार भी टूट गए। घटना के बाद कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।बालासोर: ओडिशा के बालासोर जिले के नीलगिरि क्षेत्र स्थित गोपीनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रेलवे स्लीपरों की लोडिंग और अनलोडिंग के दौरान एक विशाल क्रेन अचानक दो मालगाड़ियों के ऊपर जा गिरा। घटना में किसी के आहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन रेलवे सेवाओं पर इसका व्यापक असर पड़ा है।
दो मालगाड़ियों पर गिरा क्रेन
जानकारी के अनुसार, गोपीनाथपुर रेलवे स्टेशन के क्षेत्र में एक स्लीपर निर्माण इकाई में रेलवे स्लीपरों की लोडिंग और अनलोडिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान इस्तेमाल किया जा रहा भारी भरकम क्रेन अचानक असंतुलित होकर गिर पड़ा। क्रेन सीधे रेलवे ट्रैक के पास खड़ी दो मालगाड़ियों पर जा गिरा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
ओवरहेड इलेक्ट्रिक तार टूटे
क्रेन गिरने के कारण रेलवे ट्रैक के ऊपर लगे ओवरहेड इलेक्ट्रिक तार भी टूट गए। बिजली आपूर्ति बाधित होने के चलते रेलवे अधिकारियों को तत्काल उस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्री ट्रेनों के संचालन को भी अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया। घटना के समय वहां मौजूद कर्मचारियों और रेलवे स्टाफ में दहशत का माहौल बन गया।
हादसे में कोई हताहत नहीं
क्रेन के गिरते ही तेज आवाज हुई और आसपास मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त कोई यात्री ट्रेन उस ट्रैक से नहीं गुजर रही थी और न ही कोई कर्मचारी क्रेन के नीचे आया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। अगर उसी समय कोई यात्री ट्रेन वहां से गुजर रही होती या अधिक संख्या में मजदूर काम कर रहे होते तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद पूरे इलाके में चिंता का माहौल बन गया।
मरम्मत का काम तेज
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियरिंग टीम और तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद राहत और बहाली का काम शुरू किया गया। सबसे पहले क्षतिग्रस्त क्रेन को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई, ताकि रेलवे ट्रैक को साफ किया जा सके। साथ ही टूटे हुए ओवरहेड इलेक्ट्रिक तारों की मरम्मत का कार्य भी तेजी से चलाया जा रहा है।
ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित
ट्रेनों की आवाजाही तभी बहाल की जाएगी जब सभी मरम्मत कार्य पूरे हो जाएंगे और सुरक्षा संबंधी जांच संतोषजनक पाई जाएगी। फिलहाल प्रभावित रूट पर कुछ यात्री ट्रेन सेवाओं को रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। हालांकि, क्रेन के अचानक गिरने के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी, अत्यधिक भार या संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही जैसे एंगल से जांच किया जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

