Home National ICU में जिंदगी और संपत्ति पर सियासत! बीमार मां के इलाज के...

ICU में जिंदगी और संपत्ति पर सियासत! बीमार मां के इलाज के लिए मदद मांगने पहुंचीं बेटियों को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

0

ग्राम रामगांव थाना चोलापुर जिला वाराणसी से एक बेहद मार्मिक और गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक ओर मां अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है, वहीं दूसरी ओर बेटियों ने अपने ही रिश्तेदारों पर पैतृक संपत्ति हड़पने, आर्थिक मदद से इनकार करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित बहनों ने पूरे मामले में पुलिस प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की है।

पीड़िता बीमा सिंह, श्वेता सिंह और शिल्या सिंह का कहना है कि उनकी मां राधा देवी, निवासी रामगाव, गंभीर रूप से बीमार हैं और उनका इलाज एक निजी अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है। परिवार के अनुसार, उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जिसके बाद परिवार पूरी तरह आर्थिक संकट में आ गया है। ऐसे कठिन समय में इलाज के लिए पैसों की व्यवस्था करना भी बेहद मुश्किल हो गया है।

पीड़ित बहनों का आरोप है कि उनके चाचा राकेश राय ने परिवार की पूरी पैतृक संपत्ति अपने कब्जे में ले रखी है। उनका कहना है कि पहले चाचा ने आश्वासन दिया था कि वह परिवार का खर्च और बेटियों की शादी की जिम्मेदारी उठाएंगे, लेकिन जब मां के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वे उनके घर पहुंचे तो वहां स्थिति पूरी तरह बदल गई।

बहनों का आरोप है कि चाचा के बेटे सौरभ राय ने न केवल उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िताओं का कहना है कि आरोपी ने यह तक कह दिया कि “तुम लोगों को कुछ नहीं मिलेगा, जहां जाना है जाओ, पुलिस भी मेरी जेब में है।” इस कथित धमकी के बाद पूरा परिवार दहशत में है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

पीड़ित बहनों ने थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा उन्हें सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते न्याय नहीं मिला और इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध नहीं हो सकी तो उनकी मां की जान को गंभीर खतरा हो सकता है। परिवार का कहना है कि वे लगातार न्याय की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कहीं भी उनकी प्रभावी सुनवाई नहीं हुई है।

फिलहाल पुलिस को शिकायत सौंप दी गई है। मामले में अभी आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस द्वारा जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version