Home National ‘मम्मी बुला रही है’ कहकर परिचित ने बाइक पर बिठाया, जंगल में...

‘मम्मी बुला रही है’ कहकर परिचित ने बाइक पर बिठाया, जंगल में 3 लड़कों ने किया गैंगरेप, फिर अस्पताल के बाहर फेंका

0

गुना में हैवानियत का एक ऐसा मामला सामने आया है जहां तीन दरिदों ने तो एक मासूम का गैंगरेप किया ही लेकिन पुलिस की लापरवाही ने उसकी पीड़ा और बढ़ा दी। आहत मासूम ने घर लौटकर जहरीला पदार्थ खा लिया।मध्य प्रदेश के गुना जिले के बमोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनखरा गांव में एक नाबालिग किशोरी के साथ 3 लड़कों ने गैंगरेप किया। इस दौरान जब किशोरी की हालत बिगड़ गई, तो उसे मरणासन्न स्थिति में शिवपुरी मेडिकल कॉलेज के बाहर लावारिस छोड़कर भाग निकले। जिसे गंभीर हालत में परिजन गुना के बमोरी थाने लेकर पहुंचे, लेकिन पुलिस ने जांच की बात कहकर लौआ दिया। इस खौफनाक घटना से आहत और लोक-लाज के डर से पीड़ित किशोरी ने घर लौटकर जहरीला पदार्थ खा लिया। फिलहाल, वह जिला अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है, जहां उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
जानें पूरा घटनाक्रम-
घटना का सिलसिला 25 अप्रैल को तब शुरू हुआ, जब पीड़िता की मां पास के ही एक गांव में तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। घर में किशोरी को अकेला पाकर गांव के ही रामू नामक युवक ने साजिश रची। दोपहर करीब 3 बजे रामू पीडि़ता के पास पहुंचा और झूठ बोला कि उसकी मां ने उसे बुलाया है। मां के पास जाने के झांसे में आकर किशोरी उसकी बाइक पर बैठ गई। रास्ते में जब किशोरी ने रास्ता भटकने पर सवाल किए, तो आरोपी उसे डरा-धमकाकर जंगल की ओर ले गया। वहां पहले से ही रामू के 2 अन्य दोस्त विजय और अभिषेक मौजूद थे। इन तीनों दरिंदों ने नाबालिग के साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया।

आरोपी ने रिश्तेदार को बताई सच्चाई
वारदात के बाद जब किशोरी की स्थिति बिगड़ने लगी तो आरोपी घबरा गए और उसे इलाज के बहाने शिवपुरी ले गए, जहां उसे मेडिकल कॉलेज के बाहर फेंककर फरार हो गए। इधर, घरवाले अपनी बेटी की तलाश में दर-दर भटक रहे थे। परिजनों ने जब शुरुआत में संदेही रामू से पूछताछ की, तो उसने साफ मना कर दिया कि वह लडक़ी के बारे में कुछ भी नहीं जानता है। हालांकि, बाद में रामू ने अपने एक रिश्तेदार को पूरी सच्चाई बता दी, जिसके माध्यम से परिजनों को पता चला कि उनकी बेटी शिवपुरी अस्पताल में है। परिजन उसे वापस घर लाए और फरियाद लेकर बमोरी थाने पहुंचे। लेकिन यहां जांच की बात कहकर पुलिस ने टरका दिया। इसी मानसिक आघात और शारीरिक पीड़ा से टूटी किशोरी ने आत्मघाती कदम उठाते हुए जहर खा लिया।

पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए बमोरी पुलिस ने घटना के तीसरे दिन FIR दर्ज की है। बमोरी थाना प्रभारी दिलीप राजौरिया के अनुसार, अस्पताल में भर्ती किशोरी के बयान महिला उपनिरीक्षक द्वारा दर्ज किए गए हैं। पीडि़ता ने अपने बयानों में तीनों आरोपियों रामू, विजय और अभिषेक द्वारा किए गए कृत्य की पुष्टि की है। किशोरी ने बताया कि आरोपी उसे परिचित होने का फायदा उठाकर बाइक पर शिवपुरी की तरफ ले गए थे, जहां रास्ते में कहीं सूनसान जगह पर इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। वहीं, दूसरी ओर जिला अस्पताल में किशोरी की हालत लगातार बिगड़ रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version