पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले के वारजे क्षेत्र स्थित ओशन वेव्स बिल्डिंग में रहने वाली एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष, कुछ पड़ोसियों तथा चाणक्य मंडल से जुड़े कुछ छात्रों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि लंबे समय से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और उसके चरित्र को लेकर झूठी अफवाहें फैलाकर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
महिला के अनुसार उसके जेठ अजय, पति संजय और ननद आरती समेत परिवार के कुछ सदस्य लगातार उस पर दबाव बना रहे हैं। पीड़िता का आरोप है कि उसे गंदी गालियां दी गईं, उसके निजी जीवन को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां की गईं और कई लोगों के बीच उसके खिलाफ गलत बातें फैलाई गईं।
महिला ने दावा किया है कि उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकियां दी गईं। आरोप है कि उससे कहा गया कि यदि वह घर छोड़कर नहीं गई तो उसे और उसकी बेटी को खत्म कर दिया जाएगा। इतना ही नहीं, बच्चों को भी नुकसान पहुंचाने और जला कर मार देने जैसी धमकियां दिए जाने का आरोप लगाया गया है।
पीड़िता का कहना है कि उसके पति पर तलाक की प्रक्रिया शुरू करने के लिए भी दबाव बनाया गया। इसी दौरान उसका बेटा गंभीर रूप से बीमार पड़ गया था। महिला का आरोप है कि उसे यह भी कहा गया कि उसके कमरे में कैमरे लगाए गए हैं और यदि उसमें आत्मसम्मान है तो वह अपने बच्चों को छोड़कर घर से चली जाए।
महिला ने पड़ोसियों के कुछ लोगों पर भी लगातार निगरानी रखने, झगड़े भड़काने और समाज में उसकी छवि खराब करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि जब उसने इस संबंध में बात करने का प्रयास किया तो उसे अपमानित किया गया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि सोसायटी के कुछ सदस्य तथा चाणक्य मंडल से जुड़े कुछ छात्र भी इस कथित उत्पीड़न में शामिल हैं। उसने पुलिस से कॉलेज और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
पीड़िता का कहना है कि उसने पुलिस से शिकायत करने का प्रयास किया, लेकिन उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। इसके चलते वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है और अपने तथा अपने बच्चों के जीवन को खतरा बता रही है।

