पीड़ित बोला- भरोसा किया, कारोबार ही उजाड़ सूरत शहर के लिंबायत इलाके से विश्वासघात और धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शक्ति नगर लिंबायत निवासी आकाश सरोज ने गोडादरा पुलिस स्टेशन में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उसके भरोसे का फायदा उठाकर दो युवक सिलाई मशीनें, घर का सामान और जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है, जबकि इलाके में भी इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
जानकारी के मुताबिक आकाश सरोज सिलाई का काम करता है और उसके घर में करीब सात सिलाई मशीनों के जरिए कामकाज चलता था। पीड़ित का कहना है कि उसने अपने परिचित राज कुशवाह पर भरोसा करते हुए मशीनों और कारोबार की जिम्मेदारी उसे सौंप रखी थी। इसी बीच 14 मई 2026 को आकाश किसी जरूरी काम से अपने गांव चला गया था।
आकाश ने बताया कि जब वह 20 मई को वापस सूरत लौटा तो घर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। घर में रखी सभी सिलाई मशीनें गायब थीं और कमरे से काफी घरेलू सामान भी नहीं था। इतना ही नहीं, उसकी पत्नी के आभूषण भी चोरी हो चुके थे। पीड़ित के अनुसार पायल, कान की बाली, नथिया और उसका चांदी का ब्रेसलेट भी घर से गायब मिला।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि सामने रहने वाले सुजीत कुमार और राज कुशवाह ही मशीनों और सामान को बेचकर फरार हुए हैं। आकाश का कहना है कि उसने दोनों आरोपियों से संपर्क करने की लगातार कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। बाद में दोनों के मोबाइल फोन भी बंद आने लगे। इससे पीड़ित का शक और गहरा गया।
आकाश सरोज ने कहा कि सात महीने की मेहनत और पूरा कारोबार खत्म हो गया है। इस घटना के बाद परिवार आर्थिक संकट में आ गया है और घर चलाना भी मुश्किल हो गया है। पीड़ित ने गोडादरा पुलिस स्टेशन पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और जल्द गिरफ्तारी की गुहार लगाई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर ऐसे मामलों में समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं। घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच नाराजगी और भय का माहौल देखा जा रहा है।

