बिहार के पूर्णिया जिले के वैसी थाना क्षेत्र अंतर्गत मरुआ टोली गांव में खेत से भुट्टा तोड़ने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पड़ोसियों के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिसमें एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि कई लोगों ने मिलकर लोहे की सरिया और अन्य हथियारों से हमला किया, जिससे पीड़ित का सिर फट गया और काफी खून बहने लगा।
जानकारी के अनुसार यह घटना 28 मार्च 2026 की शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित खेरुल की पत्नी शाहिना ने बताया कि उनके खेत में मक्का की फसल लगी हुई थी। इसी दौरान पड़ोस के कुछ बच्चों ने खेत में घुसकर भुट्टा तोड़ लिया और घास भी काट ली। जब शाहिना ने पड़ोस में रहने वाली रफीका से कहा कि वह अपने बच्चों को समझाए क्योंकि वे खेत में घूमकर फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं, तो इस बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
पीड़िता के अनुसार इस बात पर बच्चे हंसने लगे और गाली-गलौज करने लगे। इसी बीच करीना और हसीना ने भी कथित तौर पर अपशब्द कहना शुरू कर दिया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। उसी दौरान पीड़ित शाहिना की बेटी को भी आरोपियों ने घेरकर पीटा और उसकी छाती पर मुक्के मारे। बेटी को पिटते देख शाहिना बीच-बचाव के लिए आगे बढ़ीं, जिससे विवाद और बढ़ गया।
घटना के समय शाहिना का पति खेरुल मजदूरी करने बाहर गया हुआ था। जब वह शाम को घर लौटा तो बेटी ने उसे पूरी घटना के बारे में बताया। इसके बाद खेरुल पड़ोसियों को समझाने गया, लेकिन आरोप है कि वहां पहले से मौजूद आरोपि रफीका ओर कलवा ने खेरुल घेर लिया। और पीछे से नवाजिश लोहे की सरिया से वार कर दिया आरोपी समेत कई लोगों फकरीम खातून, नवाजिश, शाहबाद, गुल्फराज, रफीका ने मिलकर खेरुल पर हमला कर दिया और लोहे की सरिया से उसके सिर पर वार किया। इस हमले में खेरुल का सिर फट गया और खून बहने लगा।
गंभीर रूप से घायल खेरुल को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि वहां भी इलाज को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही और हालत बिगड़ने पर उसे वापस घर लाना पड़ा। बाद में उसकी स्थिति ज्यादा बिगड़ने पर फिर से अस्पताल ले जाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के कई लोग पीड़ित के घर पहुंचे और हमले की निंदा की। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों परिवार आपस में रिश्तेदारी रखते हैं, इसलिए विवाद को बातचीत से सुलझाया जा सकता था, लेकिन सिर पर सरिया से हमला करना बेहद गंभीर मामला है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि इससे पहले भी कई बार उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया है। अब इस हमले के बाद पूरा परिवार भय और तनाव में है। पीड़ितों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

