महिला सड़क के किनारे चल रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने दिशा बदलकर उसे टक्कर मार दी। यह घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
कर्नाटक के टुमकुरू जिले से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे पैदल चल रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी। यह पूरी घटना पास में लगे एक CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा मंगलवार सुबह टुमकुरू के तिपटुर टाउन में स्थित आईबी सर्कल के पास हुआ। एक महिला सामान्य रूप से सड़क के किनारे पैदल चल रही थी, तभी अचानक एक तेज रफ्तार ट्रक का संतुलन बिगड़ गया। ट्रक ने अपनी दिशा बदली और सीधे महिला को जाकर टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि देखने वालों के होश उड़ गए।
पीछे से महिला को मारी जोरदार टक्कर
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि पीछे से महिला को इतनी जोरदार टक्कर मारता है कि वो उछलकर सीधे ट्रक के नीचे समा जाती है। गनीमत यह रही कि इस खौफनाक हादसे में महिला की जान बाल-बाल बच गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, महिला को चोटें जरूर आई हैं, लेकिन उसकी हालत खतरे से बाहर है और अस्पताल में उसका इलाज किया गया।
इस भीषण टक्कर में ट्रक के ड्राइवर को भी चोटें आईं, जिसे प्राथमिक उपचार और मेडिकल इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और उन हालात की जांच कर रही है, जिनकी वजह से ड्राइवर का गाड़ी पर से नियंत्रण खो गया।
कांस्टेबल ने खुद को मारी गोली
एक अन्य खबर में, कर्नाटक के कलबुर्गी शहर में एक पुलिस कांस्टेबल ने अपनी राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना मंगलवार रात करीब 9:30 बजे जगत सर्कल में हुई। कांस्टेबल की पहचान जेवरगी तालुक के नारीबोला गांव के निवासी शिवकुमार के रूप में हुई है। वह मुख्यमंत्री के शहर के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात था। पुलिस ने बताया कि वह अन्य पुलिसकर्मियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा था। शहर के पुलिस आयुक्त शरणप्पा एस. डी. के अनुसार, शिवकुमार का तीन-चार महीने पहले ही बेंगलुरु ग्रामीण जिले से कलबुर्गी तबादला हुआ था। उसने पुलिस वाहन के अंदर अपनी 303 सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली।
