फॉफ डुप्लेसी की उम्र इस वक्त 41 साल से भी ज्यादा की हो गई है, लेकिन उनकी ऊर्जा किसी युवा को भी मात देती है। इंटरनेशनल क्रिकेट तो वे कई साल पहले ही छोड़ चुके हैं, लेकिन टी20 लीग लगातार खेल रहे हैं। इस बीच एमएलसी यानी मेजर लीग क्रिकेट के पहले ही मैच में डुप्लेसी ने एक और शतक ठोक दिया है। ये कोई साधारण शतक नहीं है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में इतिहास रच दिया है। डुप्लेसी के शतक की बदौलत उनकी टीम ने 221 रनों के लक्ष्य हो बड़ी आसानी से हासिल कर लिया।
एमएलसी 2026 का आगाज बड़े ही धमाकेदार अंदाज में हुआ। पहले मैच में टेक्सास सुपर किंग्स बनाम सिएटल ऑर्कास की टीमें आमने सामने थी। सिएटल ऑर्कास की टीम ने पहले बल्लेबाजी की। इस दौरान सलामी बल्लेबाज टिम सिफर्ट ने शानदार शतक ठोका। उन्होंने 66 बॉल पर 104 रन बनाए। इसमें आठ चौके और छह छक्के शामिल रहे। सिएटल ऑर्कास ने 20 ओवर में 220 रनों का बड़ा स्कोर बनाया। एक वक्त लग रहा था कि इस स्कोर को टेक्सास सुपर किंग्स हासिल नहीं कर पाएगी, लेकिन उसके कप्तान फॉफ डुप्लेसिस ने आक्रामक अंदाज में पारी का आगाज किया।
फॉफ डुप्लेसी ने 45 बॉल पर बना दिए 100 रन
टेक्सास सुपर किंग्स के लिए ओपनिंग करने उतरे सैतेजा मुक्कमल्ला पहली ही बॉल पर शून्य पर आउट हो गए। लेकिन दूसरे छोर पर डुप्लेसी टिके रहे और जबरदस्त बल्लेबाजी करते रहे। राइली रुसो न 21 बॉल पर धमाकेदार अंदाज में 49 रन बनाए। इस बीच कप्तान फॉफ डुप्लेसी ने केवल 45 बॉल में 200 से भी अधिक के स्ट्राइक रेट से शतक ठोक दिया। डुप्लेसी 52 बॉल पर 113 रन बनाकर नाबाद रहे, यानी आखिर तक आउट नहीं हुए। उन्होंने नौ चौके और सात आकर्षक छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 217.31 का रहा। टीम ने केवल 18.3 ओवर में ही चार विकेट खोकर 221 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
एमएलसी में चार शतक लगाने वाले पहले और अकेले बल्लेबाज
फॉफ डुप्लेसी अब तक एमएलसी में चार शतक लगा चुके हैं, जो इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा हैं। खास बात ये है कि 40 साल की उम्र पूरी करने के बाद से लेकर अब तक फॉफ टी20 क्रिकेट में तीन शतक लगा चुके हैं। बाकी कोई बल्लेबाज इस उम्र के बाद एक से अधिक टी20 शतक नहीं लगा पाया है। ये अपने आप में ताज्जुब की बात है। एमएलसी में टेक्सास सुपर किंग्स के लिए फॉफ अब तक 26 पारियों में 1047 रन बना चुके हैं। यहां उनका औसत 43.62 का रहा है और वे 167.25 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे हैं। इस दौरान उनके खाते में चार शतक और 6 अर्धशतक दर्ज हैं। उनके ये आंकड़े किसी भी युवा खिलाड़ी को शरमाने के लिए मजबूर करते हैं।
