Home National दो साल तक किया शोषण, गुपचुप शादी के बाद पलटा प्रेमी; जाति...

दो साल तक किया शोषण, गुपचुप शादी के बाद पलटा प्रेमी; जाति का हवाला देकर किया इनकार, युवती ने लगाई न्याय की गुहार

0

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से प्रेम संबंध, गुपचुप शादी और फिर जातिगत भेदभाव के कारण रिश्ता तोड़ने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिल्ली की रहने वाली युवती नेहा ने अपने प्रेमी विजय ठाकुर (पिता मुन्ना ठाकुर) पर शादी के बाद उसे छोड़कर फरार होने, दो साल तक उसका शोषण करने और जान से मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि करीब तीन साल तक दोनों के बीच गहरा प्रेम संबंध रहा और शादी भी हुई, लेकिन अब युवक जाति का हवाला देकर उससे पल्ला झाड़ रहा है।

पीड़िता नेहा के अनुसार वह दिल्ली में एक कंपनी में काम करती थी, जहां उसकी मुलाकात बिहार के सिवान जिले के सिकंदरपुर निवासी विजय ठाकुर से हुई। बातचीत के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। नेहा का कहना है कि उसने शुरुआत में ही विजय को बता दिया था कि वह वाल्मीकि समाज से आती है। इसके बावजूद विजय ने उसे भरोसा दिलाया कि वह उससे शादी करेगा और जीवन भर साथ निभाएगा।

नेहा का आरोप है कि करीब तीन साल तक दोनों के बीच संबंध रहे और इसी दौरान उन्होंने गुपचुप तरीके से शादी भी की। इस शादी का वीडियो भी उसके पास मौजूद है। पीड़िता का दावा है कि विजय के कुछ दोस्त भी उस शादी के गवाह हैं। शादी के बाद दोनों दिल्ली के द्वारका सेक्टर-4 इलाके में किराए के मकान में रहने लगे और करीब डेढ़ से दो साल तक पति-पत्नी की तरह साथ रहे।

पीड़िता का कहना है कि इस दौरान विजय ठाकुर ने उसका लगातार शोषण किया और उसे भरोसे में रखकर साथ रहने के लिए मजबूर करता रहा। लेकिन जब इस रिश्ते और शादी की जानकारी विजय के गांव और वहां के मुखिया तक पहुंची और शादी का वीडियो सामने आया, तो उसका व्यवहार अचानक बदल गया।

नेहा के मुताबिक 27 मार्च 2026 को विजय ठाकुर ने उसकी हत्या करने की भी कोशिश की। इसके बाद वह घर छोड़कर फरार हो गया और अब फोन भी नहीं उठा रहा है। पीड़िता का आरोप है कि अब विजय उस पर उल्टे आरोप लगाकर अपने आप को बचाने की कोशिश कर रहा है। उसने कहा कि विजय ने उससे साफ कहा कि “तुम नीचे जाति की हो, हम तुम्हें अपना नहीं सकते।”

पीड़िता का कहना है कि शादी और दो साल तक साथ रहने के बाद अब विजय जाति का हवाला देकर उससे पल्ला झाड़ रहा है। इतना ही नहीं, वह नेहा पर यह आरोप भी लगा रहा है कि वह अलग-अलग लड़कों से बात करती है, ताकि खुद को बचाकर इस रिश्ते से बाहर निकल सके।

नेहा ने इस मामले की शिकायत थाने में भी की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उसका कहना है कि शादी को करीब डेढ़ से दो साल हो चुके हैं और उसके पास विवाह का वीडियो तथा अन्य सबूत भी मौजूद हैं। पीड़िता ने बिहार पुलिस ओर उच्च अधिकारी से मांग की है कि आरोपी विजय ठाकुर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उसे न्याय दिलाया जाए।

फिलहाल आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़िता का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उसके साथ कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version