Home National पैसों के विवाद में दबंगों का कहर, महिलाओं से मारपीट, शिकायत करने...

पैसों के विवाद में दबंगों का कहर, महिलाओं से मारपीट, शिकायत करने जा रहे परिवार को रास्ते में घेरकर धमकाया

0

ग्राम कौती में पैसों के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ दबंगों ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि महिलाओं के साथ भी दुर्व्यवहार किया और पुलिस में शिकायत करने से रोकने के लिए रास्ते में घेरकर धमकाया।

जानकारी के अनुसार 14 मार्च 2026 को पैसों के लेन-देन को लेकर श्रीकृष्ण पुत्र राजाराम के साथ बातचीत चल रही थी। इसी दौरान श्रीकृष्ण के इशारे पर पंकज दुबे, राम अवस्थी, माधव दुबे और केशव दुबे लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए और विवाद अचानक हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि इन लोगों ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि इस दौरान शंभू दयाल की पत्नी विरोधी देवी के साथ मारपीट की गई और उनके गाल पर थप्पड़ मारा गया। इसके अलावा शालिनी देवी के साथ भी हाथापाई और मारपीट की गई। परिवार के अन्य सदस्यों को भी नहीं बख्शा गया और उन्हें लात-घूंसों से मारा गया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब वे इस घटना की शिकायत दर्ज कराने पुलिस के पास जा रहे थे, तभी आरोपियों ने रास्ते में उन्हें घेर लिया और फिर से मारपीट की। इस कारण वे थाने तक नहीं पहुंच पाए और शिकायत दर्ज नहीं करा सके।

परिवार का कहना है कि आरोपियों द्वारा लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उन्हें कहा जा रहा है कि अगर पैसे नहीं दिए तो पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा और गांव से बाहर निकाल दिया जाएगा। आरोपियों ने कथित रूप से यह भी कहा कि वे उन्हें गांव में रहने नहीं देंगे।

पीड़ित परिवार भूमिहीन और आर्थिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से सुरक्षा देने तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। घटना के बाद पूरे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है और वे न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

 

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version